बेहटा । तंबौर इलाके के नरना पकौरी गांव में बृहस्पतिवार को धान की मड़ाई के दौरान राम प्यारी (60) की साड़ी थ्रेशर में फंस गई। परिजन गंभीर अवस्था में उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने हादसे की सूचना पुलिस को दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। गांव निवासी रामप्यारी (60) गांव में थ्रेशर मशीन से धान खांद रही थीं। अचानक उनकी साड़ी मशीन की पुली में फंस जाने के कारण वह थ्रेशर की चपेट में आ गईं।
मशीन ने महिला को अपनी ओर खींच लिया। शोर सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने थ्रेशर को बंद किया। गंभीर अवस्था में महिला को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष बृजेश राय ने बताया कि मामले में परिजनों ने पुलिस को कोई जानकारी नहीं देते हुए शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।