जहांगीराबाद/बिसवां (सीतापुर)। सदरपुर थाना इलाके में धामीसरांय के पास रविवार शाम एक कार की टक्कर से सड़क पर गिरी बाइक सवार महिला की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। उसका देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको सीएचसी बिसवां में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। हादसे के बाद कार व ट्रक सवार लोग वाहन छोड़ भाग निकले।
सदरपुर इलाके के बजेहरा गांव निवासी रीता देवी (35) पत्नी गोविंद रविवार शाम देवर कुलदीप (25) के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी पूंजीखेड़ा से घर जा रही थी। इस बीच जब यह लोग बिसवां-बहराइच मार्ग पर गड़रियनपुरवा मजरा धामीसरांय गांव के पास पहुंचे, तभी बिसवां की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार रीता देवी सड़क पर जा गिरी।
उधर से निकल रहे ट्रक ने महिला को कुचल दिया। इससे रीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका देवर कुलदीप जख्मी हो गया। हादसे के बाद कार व ट्रक पर सवार लोग भाग निकले। आननफानन में लोगों ने जख्मी कुलदीप को सीएचसी बिसवां पहुंचाया। वहां से कुलदीप को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बोलेरो की टक्कर से चार घायल
जहांगीराबाद। बोलेरो की टक्कर से दो बाइक पर सवार चार लोग जख्मी हो गए। घायलों को सीएचसी बिसवां भेजा गया। वहां से दो लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत नाजुक है। दोनों गंभीर घायलों की पहचान नहीं हो सकी।
रविवार दोपहर बाद रेउसा की ओर से बिसवां जा रही बोलेरो ने पीछे से एक बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के दौरान बाइक सवार युवक बोलेरो की टक्कर से उछल कर दूसरी बाइक सवार पर गिरा, जिससे अमरेंद्र प्रताप सिंह (35) भी जख्मी हो गया।
टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी बिसवां पहुंचाया। घायलों में दो की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अमरेंद्र व बुजुर्ग रामसरन का बिसवां में इलाज किया गया। जिला अस्पताल भेजे गए दो घायलों की पहचान नहीं हो सकी। उनकी हालत नाजुक है। पुलिस का कहना है कि घटना में कार्रवाई की जा रही है।