आदर्श राम स्वरूप इंटर कॉलेज में मंगलवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित किए गए। इन्हें यह सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि श्रीराम चंपा देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश शुक्ला ने प्रदान किया। सभी प्रतियोगिताएं जीएनआईटी द्वारा कराई गई थीं।
विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
क्विज प्रतियोगिता में रितिक जायसवाल, सूरज सिंह यादव व अनुज पोरवाल को 101 रुपये व प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। इनके अलावा रिचा जायसवाल, पूजा वर्मा तथा नाजिया खातून सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
गेम शो में अतिका नूर, गीता देवी, सीमा देवी, वीरेंद्र कुमार, मोहम्मद कैफ, मोहम्मद उस्मान, उमेश कुमार, मोहम्मद कलीम व शीलू को सम्मानित किया गया।
बाद में मुख्य अतिथि राकेश शुक्ला ने कहा कि जो लोग किसी कारण से असफल हुए हैं, वो कतई निराश न हो, क्योंकि असफलता सफलता से मात्र एक ही कदम पीछे रहती है।
प्रतिभाएं गरीबी व अमीरी की दास नहीं होती, जरूरत होती है उनके निखारने तथा सही मार्गदर्शन देने की। ऐसे आयोजनों से बच्चों में प्रतिभाओं का विकास होता है। कार्यक्रम को राम सिंह वर्मा, रईस, राम कृपाल सिंह ने भी संबोधित किया।