सीतापुर। तंबौर इलाके में मीतमऊ नकहा गांव के पास मंगलवार दोपहर जंगली जानवर ने एक पालतू कुत्ते का शिकार किया। खेत में कुत्ते का क्षत-विक्षत शव मिला है। ग्रामीणों ने तेंदुआ देखने का दावा किया है। हालांकि वन विभाग ने तेंदुए की पुष्टि नहीं की है।
मीतमऊ नकहा निवासी सुंदरलाल भार्गव का पालतू कुत्ता मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के बाहर सड़क किनारे बैठा था। तभी अचानक एक जंगली जानवर कुत्ते को दबोचकर गन्ने के खेतों की ओर ले गया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह खेतों में गायब हो चुका था। घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक झोपड़ी की छत पर बैठे जंगली जानवर का वीडियो भी बनाया। वीडियो देखने के बाद कई ग्रामीण इसे तेंदुआ बता रहे हैं। हालांकि वन विभाग वीडियो और घटनास्थल की जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी देने की बात कह रहा है। वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।