सीतापुर। रामपुर मथुरा निवासी युवती की हत्या प्रेम प्रसंग में ही हुई थी। युवती विवाहित प्रेमी पर शादी का दबाव बना रही थी। इससे परेशान प्रेमी ने गला दबाकर युवती की हत्या कर दी थी। इस बात की आशंका सोमवार को ही जाहिर कर दी गई थी। एसपी ने मंगलवार को पुलिसलाइन में इसका औपचारिक रूप से खुलासा किया।
बता दें कि एक गांव निवासी युवती का शव मक्के के खेत में पाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने रामपुरमथुरा के लोधनपुरवा मजरा छतौनी निवासी अरमान को बांसुरा घाट के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वह मृतका के साथ एक मदरसे में पढ़ता था। इस दौरान युवती से उसका प्रेम प्रसंग हो गया। बातचीत के लिए आरोपी ने एक छोटा मोबाइल खरीद कर युवती को दिया था। तीन महीने पहले युवक का विवाह दूसरी जगह हो गया।
इसकी जानकारी जब युवती को हुई तो वह अरमान से शादी का दबाव बनाने लगी। इससे परेशान होकर अरमान ने गत 20 जून को युवती को मिलने के लिए मक्के के खेत में बुलाया और हाथ से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद युवती का फोन लेकर दुपट्टे को उसके गले में लपेट दिया और मोबाइल से अपना सिम निकाल कर भाग निकला। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
इनसेट
एक साल पहले भाई-भाभी को हुई थी जानकारी
करीब एक साल पहले आरोपी से बात करते हुए युवती को उसकी भाभी ने पकड़ लिया था। भाभी ने भाई को भी यह बात बताई तो भाई ने युवक को डांटा भी था। इससे कुछ दिन तक तो बात बंद रही, लेकिन बाद में फिर शुरू हो गई थी। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि जिस फोन को बरामद किया गया था, उसमें आखिरी कॉल भी आरोपी के नंबर की ही थी। इससे पुलिस का शक गहराता चला गया।