सीतापुर। अब जबलपुर-हरिद्वार तक लोगों का सफर आसान होगा। इसके लिए मुसाफिरों को लखनऊ और शाहजहांपुर तक भाग दौड़ नहीं करनी होगी। अब जबलपुर-हरिद्वार-जबलपुर ट्रेन सीतापुर ट्रैक पर दौड़ेगी। रेलवे ने इस रूट पर वीकली एक्सप्रेस ट्रेन का ऐलान किया है। खास बात यह है कि ट्रेन समूचे मध्य-उत्तर भारत के राज्यों को भी जोड़ने का काम करेगी।
ट्रेन 17 जुलाई को जबलपुर से हरिद्वार के लिए रवाना होगी। वहां से यह ट्रेन डाउन बनकर 18 से जबलपुर को जाएगी। ऐसे में 17 जुलाई से 26 दिसंबर तक अप-डाउन ट्रेनें इस रूट पर 23 फेरे लगाएगी। सीतापुर जनपद का अभी तक मध्य-उत्तर भारत के राज्यों से रेल मार्ग पूरी तरह कटा हुआ था। यहां इसे कोई भी ट्रेन सीधे नहीं थी।
मजबूरन जनता को बसों से सफर करना पड़ता था या उन्हें शाहजहांपुर और लखनऊ से ट्रेन पकड़नी पड़ती थी। ऐसे में उन्हें दिक्कतें उठानी पड़ती थी। यहां की जनता द्वारा काफी समय से नई ट्रेनों के संचालन की मांग की जा रही थी। इस पर रेलवे ने एक साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की सौगात दी है।
ट्रेन संख्या 01701 प्रत्येक बुधवार को जबलपुर से हरिद्वार के लिए रवाना होगी। गुरुवार को यह ट्रेन 01702 बनकर हरिद्वार से जबलपुर जाएगी।
चार धाम की यात्रा होगी आसान
जबलपुर-हरिद्वार-जबलपुर साप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन दौड़ने के बाद सीतापुर जनपद सीधे मध्य-उत्तर भारत के राज्य उत्तराखंड, मध्य प्रदेश आदि से जुड़ जाएगा।
ऐसे में लोग न सिर्फ हरिद्वार, देहरादून, मसूरी, ऋषिकेष, हेमकुंड समेत चार धाम की यात्रा आसान हो जाएगी। जबलपुर में खुजराहो, पन्ना टाइगर रिजर्व, ओरड़ा आदि जगहों की खूबसूरती का लुत्फ भी उठाने के लिए आ-जा सकेंगे।