सांडा। सकरन विकास खंड में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्रीय ज्ञापन खंड विकास अधिकारी श्रीश कुमार गुप्त को सौंपा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर मानदेय बढ़ाने के वादे को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए जल्द ही समस्या के समाधान की मांग की है। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 21 हजार रुपये और सहायिकाओं के लिए 18 हजार रुपये मानदेय, समय पर भुगतान, लंबित बकाया राशि के निस्तारण, पदोन्नति, पेंशन एवं अन्य सुविधाओं की मांग की गई। मांगें पूरी न होने पर संगठन ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अखिलेश मिश्र, जिला संयोजक सत्यदेव पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।