सीतापुर। पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग जोर पकड़ने लगी है। राघवेंद्र की पत्नी रश्मि बाजपेयी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को एक पत्र सौंपा और हत्याकांड मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।
रश्मि बाजपेयी ने बताया कि आठ मार्च को महोली में पति राघवेंद्र बाजपेई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के मुख्य आरोपियों का नाम सामने आने के बाद भी पुलिस ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
कहा कि यह हत्या सामान्य नहीं बल्कि एक साजिश के तहत की गई है। पत्रकारिता से जुड़े होने के कारण घटना ने पूरे पत्रकार समाज को झकझोर कर रख दिया है। मामले की सच्चाई सामने लाने और असली गुनहगारों को पकड़ने के लिए इस हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराई जाए। सांसद राकेश राठौर ने कहा कि पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की हत्या एक बेहद दुखद और गंभीर मामला है। पीड़ित परिवार की मांगों को गंभीरता से लिया है।
जल्द ही इस मुद्दे को संसद में उठाया जाएगा। सीबीआई जांच की सिफारिश करेंगे। पत्रकारों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।