महमूदाबाद (सीतापुर)। पहला ब्लॉक के चुनका गांव में करीब 5.31 करोड़ से बनी पानी की टंकी बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे भरभराकर ढह गई। मलबा करीब 50 मीटर दूर तक फैल गया। हादसे में टंकी की सुरक्षा में तैनात चौकीदार शत्रोहन लाल घायल हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टंकी का पानी गांव में फैलने से कीचड़ हो गया। 2023 में इस टंकी का निर्माण हुआ था। जलनिगम के अधिशाषी अभियंता व एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक का निर्माण नवंबर 2023 में कराया गया था। चुनका-बेहमा पाइप लाइन योजना में चुनका, नवाबपुर, अमईपुर, बेहमा, नईगढ़ी, भीरपुर, दौलतपुर, चौकी गांव में 845 कनेक्शन दिए गए। पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति जनवरी 2024 में शुरू की गई थी। कार्यदायी संस्था एनसीसी लिमिटेड ने यह प्रोजेक्ट पूरा किया था। साढ़े तीन लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी को बृहस्पतिवार सुबह पूरी तरह से भरा गया था। दोपहर करीब 2:30 बजे तेज आवाज के साथ टंकी भराभराकर ढह गई। टंकी का मलबा 50 मीटर दूर तक फैल गया।
इस दौरान पंप हाउस के सामने चारपाई पर आराम कर रहे चौकीदार शत्रोहन लाल (60) धमाका सुनकर भागे किंतु मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। शत्रोहन को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। उधर, खबर पाकर जल निगम के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार, एसडीएम बीके सिंह व कोतवाल अनिल सिंह ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों से बातचीत भी की।
शिकायतों का नहीं लिया गया संज्ञान
जब इस योजना पर काम चल रहा था, उस समय ग्रामीणों ने मौखिक रूप से अधिकारियों से गुणवत्ता को लेकर शिकायतें दर्ज कराई थीं। प्रधान प्रतिनिधि राजाराम यादव ने बताया कि टंकी निर्माण के वक्त अधिकारियों से कहा था कि इसकी गुणवत्ता की जांच करा ली जाए लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। प्रधान प्रतिनिधि के मुताबिक निर्माण में खामियों के कारण ही अभी तक टंकी को हैंडओवर नहीं लिया है।
बचा बड़ा हादसा
चुनका गांव में टंकी गिरने से आसपास रहने वाले करीब 12 परिवार दहशत में आ गए। प्रत्यक्षदर्शी भानु प्रताप ने बताया कि तेज आवाज के साथ पानी की टंकी भरभराकर ढह गई। गनीमत रही कि दोपहर का वक्त था, इसलिए आसपास कोई मौजूद नहीं था। शाम के समय बच्चे और बूढ़े यहां बैठकी करते हैं। अगर शाम को टंकी ढहती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बह गई बाउंड्री, हर तरफ कीचड़
जिस वक्त टंकी गिरी वह पूरी भरी हुई थी। टंकी ढहने पर पानी का दबाव इतना तेज था कि परिसर के चारों तरफ बनी बाउंड्रीवॉल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सोलर पैनल टूटकर गिर गए। आसपास करीब 50 मीटर तक हर तरफ कीचड़ हो गया। परिसर में रखा किसान का पंपिंग सेट भी पानी के तेज बहाव के साथ दूर बह गया।
कड़ी कार्रवाई की जाए
महमूदाबाद क्षेत्र में बनने वाली कई पानी की टंकियों का निर्माण मानक से विपरीत होने की शिकायत की थी। जल निगम के अधिकारियों ने किसी प्रकार की कोई भी कार्रवाई नहीं की। चुनका में पानी की टंकी गिरना भ्रष्टाचार का संकेत है। ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। मानक विहीन काम करने वाले ठेकेदार को काली सूची में डालते हुए मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए तथा नुकसान की भरपाई उसी ठेकेदार से की जाए।
- आशा मौर्या, भाजपा विधायक, महमूदाबाद
पहले भी ढह चुकी पानी की टंकी
जिले में पानी की टंकी ढहने का यह पहला मामला नहीं है। अगस्त 2024 में महोली के चितहला गांव में चार करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई पानी की टंकी ढह गई थी। नवनिर्मित टंकी ट्रायल के दौरान पानी भरते ही ढह गई थी।