सिधौली (सीतापुर)। आरा मशीन में कार्यरत चौकीदार की मशीन के पट्टे में फंसने से मौत हो गई। परिजनों ने आरा मशीन मालिक पर कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। झंखरांवा निवासी रूपा के मुताबिक उनके पति झब्बूलाल (55) करीब 20 सालों से बिसवां चौराहे के निकट हाईवे पर स्थित आरा मशीन पर चौकीदारी करते थे।
शनिवार को मशीन खराब हो जाने पर मालिक ने मशीन ठीक कराने के लिए कारीगरों को बुलाया। उन्होंने मशीन शुरू करने के लिए झब्बूलाल से जबरन स्टार्ट बटन दबवा दिया। उनके कपड़े आरा मशीन के पट्टे में फंस गए। इससे वह घायल हो गए।
उन्हें सीएचसी सिधौली से लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान झब्बूलाल की मौत हो गई। इंस्पेक्टर बलवंत शाही ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।