इमलिया सुल्तानपुर(सीतापुर)। क्षेत्र के तीन गांवों में रविवार को जंगली जानवर के पगचिह्न दिखाई देने से दहशत फैल गई। सूचना पाकर वन विभाग की टीम ने भी कॉम्बिंग शुरू कर दी। ग्रामीण शेर होने की आशंका जता रहे हैं।
इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के गांव शेरपुर, रामविलास पुरवा ढोलई खुर्द गांव के किसान रविवार सुबह अपने खेत की तरफ जा रहे थे। तभी रास्ते के कई खेतों में उन्हें जंगली जानवर के पगचिह्न दिखाई दिए।
सूचना पाकर गांव के कई लोग जमा हो गए। ग्रामीणों ने शेर के होने की बात कही है। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने पगचिह्नों की जांच की। वन दरोगा गुरुनारायण ने बताया कि पगचिह्नाें के आधार पर अभी शुरुआती जांच में लग रहा है कि कोई बड़ा जंगली जानवर है। मौके पर पहुंच कर कॉम्बिंग की। गन्ने की फसल होने के कारण कुछ दिखाई नहीं दिया। ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।