सीतापुर। लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए जिले में तैयारियां अंतिम दौर में हैं। जिले में 21 मतदान केंद्रों पर कुल 51 बूथ बनाए गए हैं, जहां 40,194 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान केंद्रों का निर्धारण इस तरह किया गया है कि मतदाताओं को मतदान में असुविधा न हो। मतदान 23 अक्तूबर को होगा।
जिले में सबसे अधिक मतदाताओं वाला बूथ नगर पालिका परिषद लहरपुर कार्यालय में बनाया गया है, जहां एक बूथ पर 1218 मतदाता मतदान करेंगे। वहीं सबसे कम मतदाताओं वाला बूथ शहर के नगर पालिका इंटर कॉलेज में है, जहां एक बूथ पर 381 वोटर मतदान करेंगे। स्नातक चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पहले ही हो चुका है। जिले में कुल 40,194 मतदाताओं में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्नातक शामिल हैं।
चुनाव आयोग के निर्देश पर सभी बूथों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीना बहुगुणा ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर बैलेट पेपर से मतदान होगा। मतदाताओं को पहचान के लिए निर्धारित दस्तावेज लाने होंगे।