फोटो-25जीआईसी बीहट गौर में व्यावसायिक शिक्षा के तहत लैब में पढ़ाई करते विद्यार्थी। संवाद
सीतापुर। राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए व्यावसायिक शिक्षा का रास्ता प्रशस्त हो गया है। 20 राजकीय इंटर कॉलेजों में व्यावसायिक शिक्षा लैब चालू हो गई है। इस लैब के माध्यम से वह करीब 25 ट्रेडों में अपने हुनर को तराश सकेंगे।
राजकीय इंटर कॉलेजों में व्यावसायिक कोर्स तो चल रहे हैं लेकिन यहां पर लैब न होने से विद्यार्थियों को हुनर तलाशने में दिक्कत आती थी। विद्यार्थियों को केवल कोर्स की ही जानकारी दी जाती थी। नए शैक्षिक सत्र से यह समस्या काफी हद तक दूर हो गई है। एक साथ 20 कॉलेजों में लैब प्रारंभ कर दी गई है। आउटसोर्सिंग के माध्यम से चयनित शिक्षक विद्यार्थियों को कोर्स पढ़ाने के साथ ही उन्हें प्रत्येक विषय में निपुण करेंगे। विद्यार्थी अपनी पसंद के अनुसार 25 विभिन्न ट्रेडों में दाखिला ले सकेंगे। वहीं, दूसरे चरण में 25 कॉलेजों में लैब शुरू करने की रणनीति बनाई गई है। इन कॉलेजों में भी अगले माह से यह प्रारंभ हो जाएगी।