सांडा (सकरन)। सुकेठा गांव में हुई मौतों के मामले में चौकाने वाली बात सामने आई है। अनिल के पिता पूरन ने गांव के विवेक को अपने घर बुलाया था। ग्रामीणों के अनुसार, पूरन के घर के बाहर एक साल पहले सेप्टिक टैंक बना था। उसमें पॉलिथीन जाने से उसकी पाइप जाम हो गई थी।
उसको हटाने के लिए विवेक को 100 रुपये देकर टैंक को साफ करने के लिए कहा था। विवेक टैंक साफ करने के लिए उसके अंदर घुसा और बेहोश हो गया।
मौके पर फोरेंसिक टीम ने जैसे ही टैंक का ढक्कन हटाया, उसमें से काफी दुर्गंध आ रही थी। टीम ने यह आशंका जताई है कि टैंक में जहरीली गैस होने के कारण दम घुटने से मौत हुई है। टैंक में सिर्फ एक फुट ही पानी भरा था। उसमें से गैस निकालने के लिए कोई दूसरा पाइप नहीं लगाया गया है। घटना के बाद से पूरे गांव में चीख-पुकार मची हुई है।