ब्लॉक इलाके के सैकड़ों ग्रामीणों ने कस्बे के विभिन्न मार्गों पर जुलूस निकाला। प्रशासन विरोधी नारेबाजी करते हुए ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। यहां पर करीब आधा घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिपरी शादीपुर, महमदापुर व पलरिया गांव में वृद्घावस्था पेंशन में धांधली बरती जा रही है। पात्रों के आवेदन लंबित पड़े हैं। अभी तक उनकी पेंशन स्वीकृत नहीं की गई है।
मांग की कि इसकी जांचकर कार्रवाई की जाए। समाजवादी पेंशन योजना के तहत लोगों ने आवेदन किए थे, लेकिन अभी तक उनकी पेंशन मंजूर नहीं हुई है। इसका लाभ दिलाया जाए।
ग्राम पंचायत महमदापुर नंबर दो में मनरेगा योजना के तहत मजदूरों को रोजगार दिया गया था, लेकिन छह दिन के बजाए तीन दिन ही मुहैया कराया गया। मांग की कि डिमांड के अनुसार न्यूनतम छह दिन का काम अवश्य दिलाया जाए।
पलरिया में रास्ता बनवाया जाए। ब्लॉक इलाके में इंडिया मार्का हैंडपंप बहुत कम लगे हैं, इनकी संख्या बढ़ाई जाए और पात्रों को आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।
चेतावनी दी कि अगर इन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर जिला सचिव अर्जुन लाल, रामप्यारी, रामलखन, परमानंद, निर्मल, महेंद्र आदि मौजूद रहे।