रामपुर मथुरा (सीतापुर)। इलाके में अवैध खनन जोरों पर है। सोमवार रात अवैध खनन करने पर ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। गुस्साए ग्रामीणों ने खनन स्थल को घेर लिया। ग्रामीणों का दबाव बढ़ता देख खनन माफिया भाग खड़े हुए। मौके से छह ट्रक बरामद हुए हैं। सभी वाहन पुलिस को सौंप दिए गए हैं। खनन अधिकारी ने ठेकेदार पर कार्रवाई की बात कही है।
थाना क्षेत्र अंतर्गत चिखड़ी धंधार में कई दिनों से अवैध बालू खनन चल रहा था। स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार अवैध खनन का विरोध किया। लेकिन दबंग माफिया बेधड़क खनन करते रहे। सोमवार रात जेसीबी, कई ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर माफिया फिर से खेत में जबरन खनन करने पहुंच गए। खेत मालिक के मना करने पर भी जब माफिया नहीं माने तो ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया।
सैकड़ों ग्रामीणों ने खेत की घेराबंदी की। तत्काल पुलिस व तहसील प्रशासन को अवगत कराया गया। इस बीच धमकी देते हुए खनन माफिया भाग निकले। मगर एक बालू लदा और पांच खाली ट्रक मौके से ग्रामीणों ने जाने नहीं दिया। पुलिस बल के साथ पहुंचे तहसीलदार अशोक कुमार ने सभी वाहन कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया।
जिला खनन अधिकारी संजय प्रताप ने बताया, ठेकेदार अवैध खनन करा रहा था। ट्रक की मालियत के अनुसार शमन शुल्क वसूलते हुए कारवाई की जाएगी। खनन माफिया के दुस्साहस का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि घटनाक्रम का वीडियो बना रहे एक युवक का मोबाइल उन्होंने तोड़ दिया। पीड़ित ने मामले की लिखित तहरीर रामपुर मथुरा पुलिस को दी है।