लहरपुर क्षेत्र के ग्राम ताहपुर में ग्रामीणों को जागरूक करती वन विभाग की टीम। - संवाद
लहरपुर (सीतापुर)। ताहपुर में रविवार रात गोशाला के निकट जंगली जानवर दिखाई दिया। गोशाला के कर्मचारियों ने बाघ होने का दावा किया। बाघ देखे जाने की खबर से ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कॉम्बिग की लेकिन पगचिह्न न मिलने से जंगली जानवर बाघ था या तेंदुआ, स्पष्ट नहीं हो सका है। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
लहरपुर विकास खंड क्षेत्र के ताहपुर स्थित गोशाला के निकट रविवार देर रात जंगली जानवर की चहल-कदमी नजर आई। इससे गोशाला के मवेशियों में भारी हलचल देखी गई। मवेशियों का शोर सुनकर गोशाला के कर्मचारी बांके व सेखें चौकन्ने हुए तो जाल के उस पार एक जंगली जानवर नजर आया। इस पर दोनों ने शोर मचाया और ग्राम प्रधान को सूचना दी।
ग्राम प्रधान जीतू गोस्वामी ने वन विभाग को सूचना दी। रात में ही वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद जंगली जानवरों की तलाश के लिए काॅम्बिग की। जंगली जानवर का पता नहीं चला।
सोमवार को उपवन क्षेत्राधिकारी हरीश श्रीवास्तव टीम के साथ फिर मौके पर पहुंचे। पगचिह्नों की तलाश की गई लेकिन कोई भी पगचिह्न मौके पर नहीं मिला। ग्राम प्रधान जीतू गोस्वामी ने बताया कि बाघ की इलाके में चहल-कदमी है। नजर आने वाला जंगली जानवर बाघ ही है।