लहरपुर (सीतापुर)। नगर में संचालित एक हॉस्पिटल में हुई गर्भवती की मौत के मामले में सोमवार को जांच की गई। नोडल अधिकारी ने जांच पूरी होने तक अस्पताल के संचालन पर रोक लगा दी है।
चार अप्रैल को नगर के मोहल्ला भूलनपुर निवासी सोहराब ने पत्नी उजमा को एपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। ऑपरेशन से बच्चे का जन्म हुआ लेकिन अधिक रक्तस्राव होने पर पत्नी की हालत गंभीर हो गई। इससे अस्पताल में मौजूद घबराए डॉक्टर मरीज को छोड़कर भाग गए। इलाज के अभाव में उजमा ने दम तोड़ दिया।
इस पूरे प्रकरण को लेकर सोहराब ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। सोमवार को रजिस्ट्रेशन नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार देशमणी ने जांच की। नोडल अधिकारी ने बताया कि अस्पताल की जांच की गई। हॉस्पिटल को नोटिस देते हुए जांच की कार्रवाई पूरी होने तक उसके संचालन पर रोक लगा दी गई है।