सकरन (सीतापुर)। कम्हरिया महरिया गांव में मंगलवार को ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोपियों को भगाने का आरोप लगाते हुए तीन घंटे तक मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घर जलाने वाले आरोपियों को पीआरवी पुलिस ने मौके से भागा दिया। थानाध्यक्ष के समझाने पर ग्रामीणों ने मार्ग खाली किया।
गांव निवासी कपिल मुनि वर्मा का विवाद पड़ोस के ही महावीर से गलियारे को लेकर काफी समय से चल रहा था। कपिल का आरोप है कि आरोपियों ने मंगलवार को उनके घर के छप्पर में आग लगा दी। गांव के ही लोगों ने देखा। आग बुझाने के बाद कपिल वर्मा ने पीआरवी पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौक पर पहुंचकर पीड़ित से बदसलूकी करते हुए लात मार दी तथा आरोपियों को मौके से भगा दिया। इससे नाराज करीब डेढ़ सैकड़ा ग्रामीणों ने कोंसर हरैय्या चौराहा रोड को ट्रैक्टर-ट्राॅली खड़ा करके अवरुद्ध कर दिया। मार्ग करीब तीन घंटे तक जाम रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने पीड़ितों से बातचीत करके मार्ग को खुलवाया थाना अध्यक्ष के आश्वासन पर पीड़ितों ने मार्ग को खोल दिया।