सीतापुर। लोकसभा चुनाव में निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए जिले के 978 संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर मतदान के दौरान वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इससे न केवल मतदान के दौरान केंद्र की एक एक गतिविधि कैमरे में कैद होगी वहीं विवाद की स्थिति होने पर उसकी भी वीडियोग्राफी कर कार्रवाई को आसान बनाया जाएगा।
जिले की नौ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के लिए 3638 बूथ बनाए गए हैं। यहां 13 और 20 मई को करीब 32 लाख मतदाता मतदान करेंगे। जिले में ऐसे 978 बूथों का चिह्नित किया गया किया है जहां बूथों पर जातीय, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता सहित अन्य कारणों से मतदान प्रभावित होने की आशंका है।
ऐसे बूथों पर मतदान के दिन वेबकास्टिंग कराई जाएगी और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा। जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। उन्होने बताया कि 819 संवेदनशील और 159 अतिसंवेदनशील बूथों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित कार्मिकाें और वीडियो कैमरा की व्यवस्था की गई है।