पिसावां (सीतापुर)। सोशल मीडिया पर बीआरसी पिसावां में तैनात एक सहायक लेखाकार का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ। इस पर शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। ऑडिट के नाम पर हो रही धनउगाही से हर तरफ तमाम तरह की चर्चाएं होती रहीं। बीएसए के निर्देश पर बीईओ ने जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कस्बे में स्थित बीआरसी पर तैनात सहायक लेखाकार आकाश जौहरी द्वारा रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हुआ। यह दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। इस वीडियो में सहायक लेखाकार द्वारा ऑडिट के नाम पर शिक्षकों से वसूली की जा रही है।
वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग की मंशा पर ही लोगों ने सवाल खड़े कर दिए। बीएसए अजीत कुमार ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए बीईओ नवीन कुमार से रिपोर्ट मांगी है। बीईओ का कहना है जांच की जा रही है। (संवाद)