महमूदाबाद (सीतापुर)। ईदगाह के पास बुधवार को बाइक की टक्कर लगने पशु चिकित्साधिकारी घायल हो गए। इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
अयोध्या के गोसाईंगंज निवासी रईस अहमद (55) बाराबंकी के जिले बड्डूपुर में तैनात थे।
वह महमूदाबाद के पुरानी बाजार में करीब 30 वर्षों से किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। बुधवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद वह लखनऊ हाईवे पर टहलने निकले थे। तभी ईदगाह के पास बाइक सवार युवक उनसे टकरा गया।
आननफानन गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी महमूदाबाद लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्राॅमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में रईस अहमद की मौत हो गई।
परिजन युवक को ट्राॅमा सेंटर लेकर पहुंचे जहां पुलिस कार्रवाई के बाद शव को अयोध्या जिले के गोसाईंगंज लेकर चले गए। इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली थी। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद बाइक चालक भाग निकला।