महमूदाबाद/ सीतापुर। अयोध्या में हो रहे प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर जिले में महोली, सिधौली, महमूदाबाद, बिसवां और रेउसा में डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। महमूदाबाद में शनिवार को पुलिसकर्मियों ने कई भारी वाहनों को प्रतिबंधित रूटों पर जाने से रोका और वापस किया। भारी वाहनों के चालक वैकल्पिक मार्ग की जानकारी लेते नजर आए।
महमूदाबाद से होकर लखनऊ होते हुए गोंडा, बहराइच व गोरखपुर जाने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक है। इन जिलों को जाने वाले भारी वाहनों को अब रेउसा होते हुए बहराइच जिले की ओर से गोंडा व गोरखपुर जिले की ओर रवाना किया गया। पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन करते हुए राम कुंड चौराहा, मोतीपुर चौराहा, गुलरा मऊ, मीरा नगर बार्डर पर बैरीकेडिंग लगाए हैं।
यहां ड्यूटी कर रहे पुलिस के जवान वाहनों को वापस करते नजर आए। ट्रक चालकों ने कहा कि इस ठंड में लबी दूरी तय करनी पड़ेगी। यातायात निरीक्षक फरीद अहमद ने बताया कि 75 पुलिसकर्मियों को लगाकर पांच स्पॉट से भारी वाहन डायवर्ट किए जा रहे हैं। हर बिंदु पर एक हेल्पडेस्क बनाई गई है। यहां पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। महोली, सिधौली, महमूदाबाद, बिसवां और रेउसा से वाहन डायवर्ट कराए जा रहे हैं।