लहरपुर। इलाके के बिसवां मार्ग पर सूर्यकुंड मंदिर के पास डीएम के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में डीएम डॉ, राजा गणपति आर सहित अन्य अधिकारी सुरक्षित बच गए। इस दौरान एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया।
डीएम डॉक्टर राजा गणपति आर अपने काफिले के साथ नबाबनगर बेहड़पुरवा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र पर चल रहे टीकाकरण का निरीक्षण करने जा रहे थे। अचानक उनकी गाड़ी के सामने एक बच्चा आ गया। इस पर ड्राइवर ने ब्रेक लगाया। इससे काफिले में पीछे चल रहे तीन वाहन भी अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। अचानक हुए इस हादसे से अफरा-तफरी मच गई। आपस में हुई टक्कर से काफिले की तीनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में डीएम के गनर प्रदीप कुमार चोटिल हुए हैं। हादसे की सूचना के बाद मौके पर एसडीएम लहरपुर व पुलिस के साथ प्रशासनिक अफसरों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। सुरक्षाकर्मी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डीएम दूसरे वाहन गंतव्य के लिए रवाना हुए।