सीतापुर। मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मंगलवार को बदले मौसम के मिजाज के बाद देर शाम से शुरू हुई बारिश रात भर रुक-रुक कर होती रही। सर्द हवा के साथ हुई बारिश से पारा दिन व रात का पारा लुढ़कने से लोगों को फिर ठिठुरन भरी ठंड का अहसाल हुआ। बुधवार को भी दिन भर बादल छाए रहने से धूप नहीं निकली। इससे अधिकतम पारे में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जिले में पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप ठंड काफूर कर देती है तो किसी दिन बादल छाने व सर्द हवाओं के कारण फिर से ठंड का अहसास होने लगता है। मंगलवार की देर शाम मौसम ने फिर करवट ली और आसमान में बादल छा गए। कुछ ही देर में रिमझिम बरसात शुरू हो गई। कभी तेज तो कभी धीमी गति से बारिश का सिलसिला रात भर चलता रहा। बारिश से कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को शहर के वाल्दा रोड, रंपा रोड, पूर्णागिरी नगर, आलम नगर, दुर्गापुरवा आदि मोहल्लों में फिसलन बढ़ने से आवागमन में परेशानी भी उठाना पड़ी।
मौसम विशेषज्ञों ने अगले 24 घंटे में मौसम सामान्य रहने के साथ धूप निकलने के आसार जताए हैं।