सीतापुर। टीका नहीं लगवाएंगे डर लगता है..., अरे टीका लगवाने के बाद वो बीमार हो गए आदि-आदि। ये गलत फहमियां दिमाग से निकाल दीजिए, नहीं तो आप कोरोना की जंग में पिछड़ जाएंगे। टीकाकरण को लेकर उत्साही क्षेत्र के लोग आपसे आगे निकल जाएंगे। मंगलवार को वैक्सीनेशन स्केल अप पायलट प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान डीएम विशाल भारद्वाज ने बातया कि जिन क्षेत्रों में टीका की स्वीकार्यता ज्यादा है, वहां क्लस्टर बनाकर पहले टीकाकरण किया जाए। इसके बाद मना करने वाले क्षेत्रों में लोगों को प्रेरित करके टीकाकरण किया जाए।
मिश्रिख, मछरेहटा, लहरपुर, सिधौली, कसमंडा व परसेंडी में वैक्सीनेशन स्केल अप पायलट प्रोजेक्ट चल रहा है। समीक्षा करते हुए डीएम ने बताया कि वैक्सीनेशन एक लंबी प्रक्रिया है। इसलिए इसमें प्लानिंग बहुत ही जरूरी है। चुनाव की तरह ही वैक्सीनेशन के लिए हर चरण का प्लान तैयार किया जाए। डीएम ने बताया कि जिन क्षेत्रों में टीका को लेकर लोग खुद आगे आ रहे हैं, उन क्षेत्रों में क्लस्टर बनाकर पहले टीकाकरण किया जाए।
इसके बाद जिन क्षेत्रों में समस्याएं आ रही हैं, वहां एसडीएम, बीडीओ आदि प्रयास करके टीकाकरण को गति दें। क्षेत्र को आशा, आंगनबाड़ी, शिक्षकों व लेखपालों के बीच बांट दिया जाए। मोबिलाइजेशन की नियमित समीक्षा की जाए और जिले में टीकाकरण का लक्षय पूरा किया जाए। बैठक में सीडीओ अक्षत वर्मा, एडीएम विनय पाठक, सीएमओ डॉ. मधु गैरोला, एसीएमओ डॉ. पीके सिंह, डॉ. सुरेंद्र साही, डिप्टी सीएमओ डॉ. कुंज बिहारी गौतम, डॉ. डीके सिंह, एसएमओ डॉ. अपूर्वा चैहान आदि मौजूद रहे।
तत्काल बनवाए जाएं प्रधानों के डोंगल
डीएम विशाल भारद्वाज कोरोना वैक्सीनेशन के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में मनरेगा, आपरेशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पंचायत भवन और शौचालयों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधानों के डोंगल तत्काल बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक शौचालयों और पंचायत भवनों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का आदेश दिया।
पंचायत भवन में लेखपाल, सेक्रेटरी, बीसी सखी आदि बैठना शुरू करें। पीएम व सीएम आवास योजना, मनरेगा आदि योजनाओं की जानकारी ली और लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम ने पौधरोपण की समीक्षा करते हुए बताया कि पौधरोपण में गोशालाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। मौके पर डीडीओ राकेश कुमार पांडेय, डीपीआरओ मनोज कुमार, पीडी डीआरडीए एके सिंह, बीएसए अजीत कुमार आदि मौजूद रहे।