सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की मेरिट लिस्ट में नौ टॉपर देने वाले दो स्कूलों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग बदहाल हैं। महमूदाबाद के प्रकाश विद्या मंदिर इंटर कालेज के लिए कस्बे के मोतीपुर मार्ग से संपर्क मार्ग है। करीब तीन सौ मीटर का यह मार्ग काफी जर्जर है। जगह-जगह गड्ढे हैं। छात्रों का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल है।
इस स्कूल को जोड़ने वाले दो अन्य संपर्क मार्गों की दशा भी खराब है। यही हाल यूपी टाॅपर देने वाले विद्यालय बाबूराम सावित्री देवी इंटर कालेज बिलौली बाजार जाने वाले मार्ग का है। स्कूल तक पक्की सड़क नहीं बन सकी है। खडंजा लगा है। बरसात में यह पूरा रास्ता खराब हो जाता है।
दोनों विद्यालयों के यूपी की मेरिट में नौ विद्यार्थी हैं। जिसमें यूपी टाॅपर शिखा वर्मा और कशिश वर्मा का नाम भी शामिल है। यूपी बोर्ड के टाॅपर अर्पित वर्मा, अंकित कुमार, शगुन वर्मा, अनुराधा वर्मा, अनुष्का यादव, मांसी पोरवाल, वैष्णवी आदि ने सड़क बनवाने की मांग की है।