राजू मिश्रा के पैर में दिक्कत है। लेकिन उनके पास बैसाखी नहीं है। डिप्टी सीएम के आने की जानकारी मिली तो वह आयुष भवन पहुंच गए। जमीन पर बैठ गए। इसको देखकर एडीएम सहित अन्य अफसर राजू से बात की। तत्काल कुर्सी मंगवाई। उसके बाद व्हील चेयर मंगवाकर इन्हें अस्पताल के अंदर भिजवाया। एडीएम ने कहा कि आपका इलाज भी होगा और बैसाखी भी मिलेंगी।
पानी की रही किल्लत
आयुष भवन में डिप्टी सीएम ने करीब एक घंटे तक स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ बैठक की। इस दौरान भवन के बाहर एडीएम, सीओ सिटी, मीडियाकर्मी मौजूद रहे। लेकिन यहां पर पानी के लिए कुछ ही टैंपर रखवाएं गए थे। लेकिन ग्लास नहीं रखवाएं। इससे लोग बोतल तलाशते रहे। यह पानी कुछ ही देर में समाप्त हो गए। इससे अफसर सहित अन्य लोग पानी को लेकर काफी परेशान रहे।
हाल ही में जनपद ललितपुर में मधुमक्खियों ने अफसरों पर हमला कर दिया था। इसके बाद भी जिले के अफसर संजीदा नहीं है। डिप्टी सीएम आयुष भवन में समीक्षा कर रहे थे। भवन के बाहर लगे पेड़ पर मुधमक्खियों का झुंड लगा हुआ था। अगर कोई शरारत कर देता तो इनसे निपटना वहां पर मुश्किल हो जाता। उस समय इनसे निपटने की कोई तैयारी नहीं थी। जबकि डिप्टी सीएम, एडीएम, सीएमओ सहित सभी अधीक्षक मौजूद थे। बैठक से पहले अस्पताल प्रशासन ने तैयारियों में कोई संजीदगी नहीं दिखाई।
जिला अस्पताल में लटकते तारों, खराब बिजली व्यवस्था, मरीजों की शिकायत पर डिप्टी सीएम ने नाराजगी जताई। जिला अस्पताल के आयुष भवन मेें आयोजित समीक्षा बैठक में अपर निदेशक को निर्देशित किया अगर सीएमएस जिम्मेदार निर्वहन नहीं कर पा रहे है तो इनकी रिपोर्ट तत्काल दें। इससे कठोर कार्रवाई की जा सकें।
जिला महिला अस्पताल को लेकर निर्देश दिया कि किसी भी सिजेरियन प्रसूता को वापस न किया जाए। जच्चा-बच्चा की देखभाल बेहतर ढंग से हो। उन्होंने दवा वितरण प्रणाली पर भी प्रश्न उठाए। जब अस्पताल में दवाएं उपलब्ध हैं तो बाहर की दवाएं क्यों लिखी जा रही हैं। इस प्रश्न पर सीएमओ व सीएमएस जवाब नहीं दे पाए। कार्यशैली सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पैथोलॉजी में 14 प्रकार की अनिवार्य जांचों की सूची बोर्ड पर प्रदर्शित की जाए। कम से कम 55 आवश्यक दवाएं मानकानुसार हर समय उपलब्ध कराई जाएं। संजीवनी ऐप पर प्रत्येक मरीज की एंट्री सुनिश्चित हो। स्वास्थ्य इकाइयों पर ताले या बंद दरवाजे की शिकायतें बिल्कुल न आएं। डिप्टी सीएम ने महिलाओं को पोषण डलिया वितरित की। इस दौरान प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरू, विधायक मिश्रिख रामकृष्ण भार्गव, सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह, सीएमएस महिला डॉ. सुनीता, सीएमएस पुरूष अस्पताल डॉ. इंदर सिंह आदि मौजूद रहे।