सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिका व प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए है। रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज से पुलिस की निगरानी में परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचा दिए गए हैं। केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा केंद्रों पर इनका रखरखाव सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस का भी पहरा रहेगा। 18 फरवरी से 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही है। इसके लिए जिले में 133 परीक्षा केंद्र बनाए गए है।
इन केंद्रों पर करीब 86 हजार विद्यार्थी एग्जाम देंगे। पिछले बरस तक कॉलेज सीधे जीआईसी से अपनी जरुरत के मुताबिक उत्तरपुस्तिका उठा लेते थे। उसके बाद प्रश्नपत्र पुलिस की निगरानी में पहुंचा दिए जाते थे। लेकिन इस बार इस व्यवस्था को परिवर्तित कर दिया गया है। उत्तरपुस्तिका व प्रश्नपत्र दोनों एक साथ डीआईओएस को पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
इसके तहत रविवार को जीआईसी से 133 परीक्षा केंद्रों पर उत्तरपुस्तिका व प्रश्नपत्र पुलिस की निगरानी में पहुंचा दिए गए है। केंद्र व्यवस्थापक कॉलेज में मौजूद रहकर प्रश्नपत्र व उत्तरपुस्तिका सुरक्षित तरीके से कॉलेज में रखवाएंगे। साथ ही संबंधित थाने की पुलिस इनकी सुरक्षा करेंगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग का दावा है बोर्ड परीक्षा को लेकर पूरी तैयारी कर ली है।