यूपी बोर्ड की परीक्षाएं गुरुवार को अव्यवस्थाओं के बीच शुरू हुई। बोर्ड परीक्षा में कहीं कमरों में अंधेरा छाया रहा तो कहीं कमरों की खिड़कियां खेत में खुली पाईं। पहले दिन केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक भी नहीं पहुंचे। इसके अलावा अधिकांश केंद्रों पर सुरक्षाकर्मी नदारद दिखे।
जिला मुख्यालय पर स्थापित कंट्रोल रूम भी फेल रहा, जिससे लोग शिकायत दर्ज नहीं करा सकें। यही नहीं पहली मर्तबा मोबाइल एप के जरिए छात्रों की ऑनलाइन हाजिरी भी फेल साबित हुई। सिम एक्टीवेट नहीं हुए तो कहीं सर्वर बिजी रहा। इससे ऑन लाइन हाजिरी सूचना दी नहीं जा सकी। सेक्टर मजिस्ट्रेट, सचल दल व डीआईओएस परीक्षा केंद्रों का औचक मुआयना करते रहे।
मोबाइल एप व्यवस्था फेल ः बोर्ड परीक्षा के दौरान ऑनलाइन हाजिरी भेजने के लिए शुरू की गई मोबाइल एप व्यवस्था पहले दिन फेल हो गई। अधिकांश केंद्रों से यह जानकारी भेजी ही नहीं जा सकी। केंद्र व्यवस्थापकों का कहना था कि एक तो सिम एक्टीवेट कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वही अगर एक्टीवेट हो गए तो सर्वर डाउन होने की वजह से घंटों जूझते रहे। आखिरकार उन्होंने मैनुअल रूप से जानकारी भेजी।