सकरन। खंड विकास अधिकारी ने बुधवार को भिटमनी की सरकारी राशन की दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान काफी गड़बड़ी उजागर हुई। बीडीओ ने जांच रिपोर्ट विभागीय अधिकारियों को भेज दी है। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने राशन वितरण व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त बनाए जाने के उद्देश्य से कोटे की दुकानों का निरीक्षण किए जाने के लिए निर्देशित किया था। बीडीओ श्रीश कुमार गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान वितरण में काफी अनियमितताएं मिली हैं। जांच रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई के लिए विभागीय अधिकारियों को भेजी गई है।
बुधवार को खंड विकास अधिकारी श्रीश कुमार गुप्ता ने सकरन ब्लॉक की ग्राम पंचायत भिटमनी में उचित दर विक्रेता की दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान वितरण में कार्ड धारकों को एक से दो किलो प्रति यूनिट राशन कम दिया जाता मिला। इस दौरान वितरण पुस्तिका भी मौजूद नहीं मिली। दुकान के बाहर लगे डिस्प्ले बोर्ड पर स्टॉक अंकित नहीं था। पूछने पर कोटेदार भारत प्रसाद ने बताया कि हम अनपढ़ हैं, इसलिए कुछ लिख पढ़ नहीं पाते हैं।
वितरण के साथ ही राशन अनाज के भंडारण की स्थिति भी काफी खराब मिली। स्टोर में नमी के चलते कई बोरियों में रखा अनाज सड़ने लगा था। निरीक्षण के दौरान कार्डधारक महेश, जगरानी, प्रताप, मनोहर आदि ने बताया कि कोटेदार हमारा अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देते हैं। खंड विकास अधिकारी ने सभी पंचायत सचिवों को राशन की दुकानों को अन्नपूर्णा भवन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।