खैराबाद क्षेत्र में हुई मार्ग दुर्घटना के बाद विलाप करते मृतक नीरज के परिवारीजन। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
खैराबाद (सीतापुुर)। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो-रोकर बुुरा हाल है।
खैराबाद इलाके के मुबारकपुर निवासी सतीश (32) अपने गांव के ही दोस्त नीरज (35) के साथ रविवार को लड्डूपुर में आम की बाग देखने के लिए बाइक से गए थे। वहां से देर रात वापस आते समय खैराबाद इलाके में नेशनल हाईवे पर एक ढाबे के निकट लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। खैराबाद एसओ अंबर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद शुरुआत में मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, लेकिन पुलिस ने काफी प्रयास के बाद देर रात एक युवक की शिनाख्त कर ली थी।
उसके घर वालों को सूचना दी गई। सूचना पाकर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन लोगों ने दूसरे मृतक की भी शिनाख्त कर ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में दोनों युवकों की मौत के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है। दोनों एक ही गांव के निवासी होने से पूरे गांव में मातम पसरा है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।