सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अहमदपुर जट के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
अटरिया थाना इलाके के मचवाखेडा निवासी महेश (29) पुत्र ब्रजराज अपने भतीजे रघुनाथपुर निवासी विमल यादव (20) के साथ बाइक से बहन के यहां बेल्हरिया जा रहा था। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अहमदपुर जट के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे बाइक सवार महेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका भतीजा विमल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल विमल को स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। सिधौली कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है।