जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन सही करते इंजीनियर।
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने आने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है। पिछले दस दिनों से खराब पड़ी मशीन को आखिरकार सोमवार को इंजीनियरों की टीम ने ठीक कर दिया है। ऐसे में अब मरीजों को जांच के लिए निजी नर्सिंग होम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय और पैसे दोनों की उन्हें बचत होगी।
जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में लगी अल्ट्रासाउंड मशीन पिछले 10 दिनों से खराब थी। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा था। एक दिन में 20 से 30 मरीज बिना अल्ट्रासाउंड के ही अस्पताल से लौट जा रहे थे या फिर उन्हें बाहर प्राइवेट नर्सिंग होम का सहारा लेना पड़ता है, इससे उन्हें आर्थिक मार झेलनी पड़ रही थी।
इसको लेकर पिछले दिनों अमर उजाला ने खबर को प्रमुखता से प्रकाशित कर मरीजों को हो रही समस्याओं से जिम्मेदारों को रूबरू कराया था। खबर छपने के बाद ही जिम्मेदार हरकत में आ गए थे, लेकिन मशीन का खराब हुआ पार्ट यहां नहीं मिल सकता था। इसलिए मशीन के सही होने में देरी लग रही थी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल अग्रवाल के प्रयासों की वजह से अब मशीन सही हो गई है। सोमवार को इंजीनियरों की टीम यहां पहुंची और मशीन को सही कर दिया है। इंजीनियर शिवम पांडेय व मो. शादाब ने बताया कि अल्ट्रासाउंड की इनकोडर कार्ड खराब हो गया था, जो यहां नहीं मिल रहा था। उसे केरल से मंगाया गया। इसी वजह से इतने दिन लग गए। खराब कार्ड को बदलकर अब नया लगा दिया गया है। मशीन पूरी तरह से चेक कर ली गई है। कोई दिक्कत नहीं है। मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा मंगलवार से शुरू हो जाएगी।