सीतापुर। तेज बारिश के दौरान गुरुवार सुबह दो घरों की दीवारें भरभराकर ढह गईं। इसके मलबे के नीचे दबकर दो महिलाओं की मौत हो गई, वहीं बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया।
इसकी चपेट में आकर एक बुजुर्ग दंपती घायल हो गए, उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एक अन्य घटना में मकान पर पेड़ गिरने से काफी नुकसान हो गया।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के वार्ड इमलिया निवासी छोट्टने की कच्ची दीवार गुरुवार सुबह बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर गई। इससे छोट्टने की पत्नी हसीना (40) उसके मलबे में दब गई।
जब तक पड़ोसी कल्लू, वकील, जलील, छब्बन आदि ग्रामीणों ने हसीना को मलबे से निकाला तब तक वह बुरी तरह जख्मी हो चुकी थी। हसीना को आनन-फानन में सीएचसी महमूदाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान हसीना की मौत हो गई। सूचना पर एसडीएम, कानूनगो आदि मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद का आश्वासन दिया।
लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के लुधौरा मजरा नौवापुर निवासी प्यारेलाल की पत्नी अनारकली (45) अपने पुत्र रामू व पोती के साथ गुरुवार भोर दीवार पर पड़े छप्पर के नीचे सो रही थी।
तभी दीवार ढह गई। इससे अनारकली की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथ सो रहा पुत्र रामू व पौत्री बाल-बाल बच गई। घटना से प्यारेलाल के घर में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना एसडीएम सुरेश कुमार व पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर दैवी आपदा के तहत पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की मदद दिलाने की घोषणा की है।
मिश्रिख कोतवाली इलाके के कल्ली चौराहा निवासी व शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त बुजुर्ग शिवप्रकाश सिंह बुधवार रात अपनी पत्नी रंजना सिंह के साथ छत पर बने कमरे में लेटे थे।
बारिश के दौरान देर रात तेज गड़गड़ाहट के साथ मकान पर बिजली गिर गई। इससे छत का प्लास्टर टूटकर गिरने से कमरे में सो रहे दंपती जख्मी हो गए। जबकि इसी मकान में मौजूद संजू सिंह, राजा, कीर्ति, सामंत सिंह बाल-बाल बच गए। दंपती को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा मिश्रिख इलाके के बानपुर में सड़क किनारे बने घुन्नू के मकान पर तेज बारिश के चलते बुधवार रात शीशम का पेड़ गिर गया। इससे घुन्नू की ट्रॉली, एक खोखा, टीनशेड आदि क्षतिग्रस्त हो गया।