सीतापुर। बेहटा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय ऊंचगांव में किताबें जलाने के मामले में बुधवार को बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने जांच में दोषी पाए गए दो शिक्षकों को निलंबित करने की कार्रवाई की। दो दिन पूर्व विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग किताबें जलाते नजर आ रहे थे। बीएसए ने खुद मामले की जांच की।
उन्होंने बताया कि जांच में विद्यालय के शिक्षकों की आपसी गुटबाजी व चार्ज लेने को लेकर चल रहे विवाद के तथ्य सामने आए। इसके चलते ही इंचार्ज प्रधानाध्यापक रणविजय सिंह और सहायक अध्यापक जीत पाल सिंह को निलंबित करने के साथ ही विद्यालय के पूरे स्टॉफ का एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है।
इसके साथ ही बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय सुमेरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय समय से पहले बंद मिला। इसके साथ ही इंचार्ज प्रधानाध्यापक अंशुल कुमार शुक्ला व शिक्षामित्र शिवकुमार भी अनुपस्थित मिले।
इस पर शिक्षक निसार अहमद अंसारी व शिक्षामित्र मलका बानो के साथ इंचार्ज प्रधानाध्यापक का एक दिन का वेतन रोकने के लिए निर्देशित किया। इसके बाद बीआरसी बेहटा के निरीक्षण दौरान गंदगी मिलने पर अनुचर अमर बहादुर यादव का वेतन रोकते हुए बीईओ को नोटिस जारी किया गया है।