सीतापुर। एमडीएम रजिस्ट्रर पर उपस्थिति से अधिक बच्चों की इंट्री करना एक शिक्षिका को महंगा पड़ा। बीएसए ने शिक्षिका को निलंबित कर दिया है। एक शिक्षक लगातार निर्देशों के बावजूद नामांकन न बढ़ा पाने में निलंबित किए गए है।
बीईओ परसेंडी ने प्राथमिक विद्यालय देना का औचक मुआयना किया। इसमें तमाम खामियां उजागर हुई।
प्रधानाध्यापक दिलशाद खान विद्यालय में मौजूद विभिन्न मदों की धनराशि का दुरुपयोग कर रहे थे। नामांकन के सापेक्ष स्कूल में बच्चों की उपस्थिति बेहद कम मिली। बच्चों का शैक्षिक स्तर कमजोर मिला। इस पर बीएसए ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
बीएसए अजय कुमार ने खैराबाद विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय नैपालापुर का औचक निरीक्षण किया तो वह दंग रह गए। सभी बच्चे विद्यालय प्रांगण के एक ही स्थान पर बैठे थे। नामांकन के सापेक्ष उपस्थिति बहुत ही कम मिली। उपस्थित पंजिका पर अधिक बच्चे चढ़ाए गए थे।
कम्पोजिट ग्रान्ट का विभागीय नियमानुसार उपभोग नहीं किया जा रहा था। पिछले वर्ष की धनराशि के दुरुपयोग की बात सामने आई है। प्रधानाध्यापिका गैस सिलिंडर अपने घर पर रखी हुई थी। विद्यालय में इसका उपयोग नहीं किया जा रहा था।
सभी शौचालयों में ताला बंद मिला। प्रधानाध्यापिका बीना शुक्ला को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन प्रकरण की जांच वित्त एवं लेखाधिकारी सत्येंद्र पाल व बीईओ अशोक कुमार यादव को सौंपी गई है।