महमूदाबाद ( सीतापुर)। घर वापस जा रहे बाइक सवार भाई-बहन महमूदाबाद-रेउसा मार्ग पर आवारा मवेशी से टकरा गए। हादसे में दोनों घायल हो गए। आननफानन में घायलों को सीएचसी महमूदाबाद लाया गया। हालत नाजुक होने पर बहन को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के कस्बा पैंतेपुर के पट्टी निवासी इस्लाम (22) अपनी बहन आरिफा (28) को लेकर बाइक से गोड़ैचा गया था। वहां से वापस आते समय रेउसा-महमूदाबाद मार्ग पर गोड़ैचा ढखवा गांव के बीच अचानक सड़क पर छुट्टा मवेशी आ गया। मवेशी को देखकर इस्लाम हड़बड़ा गया और बाइक मवेशी से जा भिड़ी।
दुर्घटना में आरिफा के सिर व चेहरे, नाक पर गंभीर चोटें आई और वह बेहोश हो गई। इस्लाम को भी चोटें आईं। आननफानन में पास-पड़ोस के गुजर रहे राहगीरों ने दोनों को उठाया। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी महमूदाबाद लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल आरिफा को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।