रामपुर मथुरा। चिमलाई गांव निवासी नान्हू बुधवार सुबह बाइक से अपने पुत्र व भतीजे को हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा दिलवाने जा रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गई। इस हादसे में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दोनों परीक्षार्थी घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। बाद में एक छात्र को जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया।
गांव निवासी नान्हू के पुत्र अमरेश (16) और भतीजे अजय कुमार (16) का बुधवार को हिंदी का पहला पेपर था। नान्हू दोनों को कोठवल स्थित परीक्षा केंद्र राम जानकी इंटर कॉलेज लेकर जा रहे थे। तुलसीपुर खरिका के पास उनकी बाइक सामने से आ रही तेज रफ्तार कार यूपी 32 जेबी 5503 की चपेट में आ गई। हादसे में नान्हू, अमरेश व अजय सड़क पर गिरकर घायल हो गए। बाइक पर सवार परीक्षार्थी अमरेश व अजय गंभीर घायल हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर मथुरा ले जाया गया। जहां से अमरेश की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया। वहीं, अजय को प्राथमिक उपचार के बाद परीक्षा देने के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष श्यामू कनौजिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।