सीतापुर। महिलाओं को अब कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। महिलाओं के लिए दो स्पेशल बूथ बनाए जाएंगे। एक जिला महिला अस्पताल व दूसरा मिश्रिख सीएचसी में बनेगा। इन बूथों पर महिला स्टॉफ की तैनाती होगी। सोमवार से यहां पर टीकाकरण शुरू हो जाएगा।
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया, शासन के निर्देश पर महिला स्पेशल बूथों को लेकर विभागीय तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। इन बूथों में से एक जिला महिला चिकित्सालय और दूसरा सीएचसी मिश्रिख में बनाया जा रहा है। इन दोनों बूथों पर सात जून से टीकाकरण का काम भी शुरू हो जाएगा। इन केंद्रों पर 18 से 44 साल आयु वर्ग की महिलाओं को कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगाई जाएगी।
प्रत्येक केंद्र पर एक दिन में 100 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए जिले में युवाओं, अभिभावकों के लिए व अन्य विशेष वर्ग के लोगों के टीकाकरण के लिए स्पेशल बूथ बनाए गए हैं, जहां पर टीकाकरण का काम भी चल रहा है। इन विशेष टीकाकरण केंद्रों पर महिलाएं अपना पंजीकरण कराकर कोरोना से बचाव का टीका लगवा सकती हैं।
14 केंद्रों पर हो रहा टीकाकरण
जिले में 18 से 44 साल की आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण के लिए 14 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जिला मुख्यालय पर न्यायालय के अधिकारियों, कर्मचारियों व अधिवक्ताओं के लिए दीवानी न्यायालय, शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए डीआईओएस कार्यालय, बैंक कर्मियों के लिए एलडीएम कार्यालय व मीडिया कर्मियों के लिए जिला सूचना कार्यालय पर स्पेशल बूथ बनाए गए हैं। मिश्रिख, महोली, सिधौली, बिसवां, महमूदाबाद, लहरपुर, खैराबाद और परसेंडी सीएचसी पर भी युवाओं का टीकाकरण किया जा रहा है।
अभिभावकों के लिए दो स्पेशल केंद्र
जिले में दो अभिभावक स्पेशल कोविड वैक्सीनेशन सेंटर का गठन किया गया है। ये केंद्र सीतापुर आंख अस्पताल और रामकोट पीएचसी पर बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर वह अभिभावक अपना टीकाकरण करा सकते हैं। जिनके बच्चों की उम्र 12 साल से कम और उनकी उम्र 18 से 44 साल के मध्य है। इसके लिए इन अभिभावकों को कोविन पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा। अभिभावकों को टीकाकरण के समय अपने साथ बच्चे की उम्र का कोई प्रमाण पत्र आधार कार्ड जन्म प्रमाण पत्र या अन्य कोई प्रमाण पत्र लाना होगा।
नौ और लोग मिले संक्रमित
जिले में कोरोना का संक्रमण कम हो रहा है। शनिवार को पूरे जिले में नौ केस आए है। राहत की बात है कि कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि जिले में अब एक्टिव केसों की संख्या 100 से नीचे आ गई है। जिले में एक्टिव केस महज 98 हो गए हैं। केवल एक गंभीर मरीज जिला अस्पताल के एल-2 में भर्ती है। पिछले एक माह में 3725 लोग ठीक हो चुके हैं।