जिला प्रशासन ने मुख्य सचिव के निर्देश पर दो पेट्रोल पंप मालिकों के खिलाफ बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद जिला प्रशासन ने दोनों पेट्रोल पंप स्वामियों के लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की है।
बीते माह 11 जून को अटरिया में शिव फिलिंग स्टेशन पर छापेमारी की थी। यहां पर पल्सर डिस्क में टेंपरिंग पाई गई थी। जबकि 16 जून को नैपालापुर के जगवानी फिलिंग स्टेशन में छापेमारी की थी। यहां भी टीम ने पल्सर डिस्क में टेंपरिंग पकड़ी थी।
आपूर्ति विभाग ने बुधवार को जगवानी फिलिंग सेंटर के स्वामी शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रेम नगर निवासी कौशल किशोर के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी तरह से शिव फिलिंग स्टेशन के स्वामी लखनऊ के प्रियदर्शिनी सीतापुर रोड निवासी शिव भगवान के खिलाफ अटरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि जगवानी फिलिंग स्टेशन इंडियन ऑयल से व शिव फिलिंग स्टेशन भारत पेट्रोलियम से संबंधित है। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद दोनों पंप स्वामियों के लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति संबंधित पेट्रोल कंपनियों से की गई है।