सीतापुर में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मॉर्निंग वॉक पर निकले दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, पीआरडी जवान घायल हो गया। उधर, आरोपी चालक फरार हो गया। हादसा लहरपुर-बिसवां मार्ग पर खानपुर सादात के पास हुआ।
यूपी के सीतापुर में सोमवार सुबह तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मॉर्निंग वॉक से घर लौट रहे दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, साइकिल से घर लौट रहा पीआरडी जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
विज्ञापन
हादसा बिसवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खानपुर सादात के निकट लहरपुर-बिसवां मार्ग पर हुआ। बताया गया कि बरेती जलालपुर गांव निवासी पीआरडी जवान रामस्वरूप (50) पुत्र छविनाथ सोमवार को नगर के जोशी टोला में जागरण की ड्यूटी करने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने पीछे से आ रहे उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
इसके बाद वाहन ने मॉर्निंग वॉक करके घर लौट रहे राकेश वर्मा (62) पुत्र संतराम निवासी रघुनाथपुर और रमेश चंद्र अवस्थी (68) पुत्र श्याम बिहारी निवासी टांडा खुर्द, हाल निवासी अंबर सराय, को भी टक्कर मार दी।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राकेश वर्मा और रमेश चंद्र अवस्थी को मृत घोषित कर दिया। घायल पीआरडी जवान का उपचार किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।