सीतापुर। कोरोना से जंग जीतने वाले दो और मरीजों को बुधवार को कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। दो अन्य मरीजों की छुट्टी आज होने की उम्मीद है। एल-1 अस्पताल खैराबाद में भर्ती नौ मरीजों का सैंपल कोरोना जांच के लिए 28 जून को भेजा गया था। 29 जून को आई रिपोर्ट में आठ मरीजों के संक्रमण मुक्त होने पर चार को मंगलवार को डिस्चार्ज कर दिया गया था।
एक का सैंपल रिजेक्ट होने पर दोबारा भेजा गया, जबकि बुधवार को कोविड अस्पताल में भर्ती संक्रमण मुक्त हुए दो अन्य मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। खैराबाद सीएचसी अधीक्षक/कोविड अस्पताल के इंचार्ज डॉ. रमाशंकर यादव ने बताया कि बुधवार को अस्पताल से खैराबाद के इमलिया निवासी महिला व गोड़ियनटोला के युवक को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
दोनों को घर में भी कोविड-19 के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया है। बताया कि संक्रमण मुक्त हुए दो मरीज अभी अस्पताल में भर्ती हैं। उम्मीद है कि दोनों को गुरुवार को छुट्टी मिल जाएगी।