सीतापुर। जिले में थाने बढ़ाने की वर्षों से चली आ रही मांग अब पूरी होने वाली है। जल्द ही कोतवाली देहात और नैमिषारण्य थाने का निर्माण शुरू होगा। डीएम ने जमीन आवंटित कर दी है। जिले में अब 28 थाने हो जाएंगे।
जिले में करीब 15 सालों से नए थानों के निर्माण की मांग चल रही थी। नए थानों के निर्माण को लेकर पुलिस अधिकारी समय-समय पर शासन से पत्राचार भी करते रहे हैं, लेकिन थाने बनने की कवायद रंग नहीं ला पा रही थी।
जिले में कोतवाली देहात, नैमिषारण्य, महोली इलाके में बड़ागांव सहित कई क्षेत्रों में नए थाने बनाए जाने की मांग होती रही है। इसी मांग और जरूरत को देखते हुए एसपी एलआर कुमार की कोशिशों से जिले में दो नए थाने बनाए जाने को हरी झंडी मिल गई है।
शहर कोतवाली, रामकोट और खैराबाद थाना क्षेत्र के कुछ हिस्से को शामिल कर कोतवाली देहात बनाई जाएगी। हरदोई की सीमा से लगे नैमिषारण्य में भी नया थाने बनने जा रहा है।
नैमिषारण्य थाने में संदना व मिश्रिख इलाके के गांवों को शामिल कर बनाया जाएगा। इन दो थानों के निर्माण के लिए डीएम अखिलेश तिवारी ने जमीन आवंटित कर दी है।
कोतवाली देहात के लिए लखीमपुर रोड पर टेड़वा चिलौला के पास मदर्स प्राइड स्कूल के दाहिनी ओर करीब 33 हजार वर्ग फिट जमीन मिल गई है। लगभग इतनी ही जमीन नैमिषारण्य में भी थाने के लिए डीएम ने आवंटित कर दी है।
जमीन आवंटन की रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। अब थानों के निर्माण को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। थानों का निर्माण होने से पहले ही शाह महोली पुलिस चौकी भवन में कोतवाली देहात व नैमिषारण्य के नए पुलिस चौकी भवन में नैमिषारण्य थाना एक महीने के अंदर ही शुरू होने जा रहा है।
कोतवाली देहात में 64, नैमिषारण्य थाने में शामिल होंगे 37 गांव
देहात कोतवाली में शहर कोतवाली से 36 गांव, रामकोट से 21 गांव और खैराबाद के सात गांव काट कर शामिल किए जाएंगे। देहात कोतवाली में 64 गांव शामिल होंगे। नैमिषारण्य थाने में मिश्रिख कोतवाली से 27 व संदना थाने से 10 गांव शामिल किए जाएंगे।
व्यवस्थित तरीके से बनेंगे नए थाने
इन नए थानों के निर्माण व्यवस्थित तरीके से होगा। थाना भवन, आवासीय भवन, हवालात, मालखाना, परिसर आदि सब कुछ नए तरीके से बेहद दुरुस्त होगा। नए थाने बनाए जाने में उसके क्षेत्र के दायरे को भी सही ढंग से दूसरे थानों से काट कर शामिल किया गया है ताकि पीड़ितों को थानों तक पहुंचने में दिक्कतें न हों