पंजाब के फतेहगढ़ शाह जिले के कस्बा थाना सरहंद निवासी करनैल सिंह (45) ट्रक चालक था। सरहंद थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ोफल निवासी जग्गू (25) ट्रक पर क्लीनर था। शनिवार रात दोनों पश्चिम बंगाल से ट्रक पर लोहा लोड कर पंजाब जा रहे थे।
सिधौली कोतवाली क्षेत्र के अहमदपुर जट के निकट ट्रक सड़क के किनारे खड़े एक अन्य ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के अगले हिस्से के परखचे उड़ गए और उसमें सवार चालक व क्लीनर गंभीर रूप से घायल होकर उसमें फंस गए। उधर, हादसे को देख आसपास के लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम जब दोनों को बाहर नहीं निकाल सकी तो जेसीबी को बुलाया गया। जेसीबी ने करीब आधा घंटे के बाद ट्रक के क्षतिग्रस्त हुए अगले हिस्से को तोड़कर उसमें फंसे चालक व क्लीनर को बाहर निकाला लेकिन तब तक क्लीनर जग्गू की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
चालक करनैल सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रॉमा में कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।