सीतापुर। थानगांव इलाके के मूरतपुर में शुक्रवार को बाइक से जा रहे दो दोस्तों के वाहन को पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों दोस्तों की मौत हो गई। हादसे की सूचना के बाद दोनों दोस्तों के परिवार में मातम पसर गया।
बिसवां के बरगदिया निवासी अब्दुल कलाम (25) और रोहित वर्मा (26) रेउसा किसी काम से आए थे। वापस लौटते समय रेउसा-बिसवां मार्ग पर उनकी बाइक को पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे पिकअप ने टक्कर मार दी। इसके बाद पिकअप भी खड्डे में पलट गई। इस बीच मौके का फायदा उठाकर पिकअप चालक भाग निकला।
स्थानीय लोगों ने बाइक सवार दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष विमल गौतम ने बताया कि पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन के आधार पर मालिक व चालक की तलाश की जा रही है। आगे की कार्रवाई मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर तय होगी। (संवाद)