सिधौली। नई बाइक लेकर निकले दो युवक बुधवार देर रात नेशनल हाईवे के मनिकापुर चौराहे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। उनकी बाइक सड़क किनारे खड्ड में गिर गई। देर रात होने के चलते किसी को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी। इसके चलते मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने दोनों के शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच कर रही है।
कमलापुर के नारायणपुर निवासी कृष्णा (20) अपने मित्र मछरेहटा के लालपुर इटौवा गांव निवासी करण (22) के साथ बुधवार देर रात नई बाइक से लखनऊ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मनिकापुर चौराहे पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में गिरकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कृष्णा व करण की मौके पर ही मौत हो गई।
बृहस्पतिवार सुबह राहगीरों ने खड्ड में बाइक व दोनों के शव पड़े देखे तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को खड्ड से निकलवाया। दोनों युवकों के शरीर अकड़ चुके थे। पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां से चिकित्सकों ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।