कुंवरगड्डी (सीतापुर)। अटरिया में मंगलवार को गोमती नदी में नहाते समय लखनऊ निवासी के दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। उनका एक साथ किसी तरह बचकर नदी से बाहर आ गया। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लखनऊ के थाना माल गांव मवईखुर्द निवासी सर्वेश कुमार (21) पुत्र छोटा, सर्वेश (22) पुत्र मूलचंद व अनिल कुमार (20) अपनी-अपनी बाइकों से अटरिया के बिरसिंहपुर गांव स्थित गोमती नदी में नहाने पहुंचे थे। परिजनों ने बताया कि उनके घर से बिरसिंहपुर गांव की दूरी करीब आठ किलोमीटर है। तीनों दोस्त नदी में उतर गए। इस दौरान सर्वेश व सर्वेश कुमार गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घबराया अनिल नदी से बाहर निकलकर मदद की गुहार लगाने लगा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने दोनों को नदी से निकाला लेकिन तब तक दोनों की डूबने से मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही परिजन व सीओ सिधौली कपूर कुमार बिरसिंहपुर गांव पहुंचे। सीओ ने परिजनों के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। थानाध्यक्ष रोहित दुबे ने बताया कि शवों पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।