फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टायर फटने से पलटा ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो की मौत

विज्ञापन
सीतापुर महमूदाबाद रेउसा मार्ग पर सडक हादसे में क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली। - फोटो : SITAPUR
विज्ञापन
महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर फटने से वह सड़के किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एक की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।
विज्ञापन

शुक्रवार सुबह महमूदाबाद लकड़ी मंडी से यूकेलिप्टस लकड़ी की छिलाई करने वाली मशीन लादकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चांदपुर के लिए रवाना हुई। महमूदाबाद-रेउसा मार्ग पर बाबाकुटी के करीब अचानक ट्रैक्टर का अगला टायर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार सात लोग सवार थे।
सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली व मशीन के नीचे दब गए। खबर मिलते ही पुलिस ने जेसीबी के जरिए वाहन व मशीन हटवाकर दबे लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक वीरेंद्र (23) पुत्र राजेंद्र कश्यप और दीपू रावत (20) पुत्र रामदयाल निवासीगण शक्तिनपुरवा थाना बिसवां की मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन

जबकि बृजेश (19) पुत्र संतलाल, अंशुल (18) पुत्र रामकुमार, लल्लन (52) पुत्र आदी हसन और खुशीराम (28) पुत्र भोलई निवासीगण शक्तिनपुरवा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद लल्लन की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेज दिया है। हादसे की सूचना पर एसडीएम गिरीश कुमार झा और क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हालचाल लेते हुए मृतक के परिवारीजनों को ढांढस बंधाया।
हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाले दीपू की शादी इसी साल सात मई को हुई थी। शादी के चार महीने बाद ही सुहाग उजड़ जाने के सदमे से दीपू की पत्नी खुशबू की हालत बेहद दयनीय थी। सीएचसी पहुंचते ही पति का शव देख वह दहाड़े मारकर रोने लगी।
रोते-रोते खुशबू बेहोश होकर गिर जाती और चेतना वापस आते ही फिर फफककर रोने लगती। उसका करुण क्रंदन देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। उधर, मृतक वीरेंद्र शुक्रवार की सुबह ही अपने घर से मजदूरी पर महमूदाबाद लकड़ी मंडी में काम पर लौटा था। जबकि उसका पिता राजेन्द्र काम से घर जा रहा था।
रेलवे स्टेशन पर दोनों की मुलाकात जरूर हुई पर कोई बात नहीं हुई। यह याद कर राजेंद्र को भारी सदमा लगा है। राजेंद्र फफक-फफक कर रोते हुए बताते हैं कि यदि बेटे से कुछ बात कर ली होती तो मन शांत रहता। वहीं वीरेंद्र की मां सुनीता को बार-बार बेहोशी आने के चलते चिकित्सकों ने उसका इलाज किया।
हाईवे पर खड़े ट्रक में भिड़ी बाइक, पति की मौत, पत्नी जख्मी
नेरी। नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से बाइक टकराने के चलते पति की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाक्षेत्र रामकोट के इटौवा किशुन निवासी अभिषेक वर्मा (30) पुत्र गोकरन अपनी पत्नी पूजा (28) के साथ किसी काम से बाइक द्वारा महोली जा रहा था।
कोतवाली महोली अंतर्गत कारीपाकर के करीब सुमन मोटर्स के सामने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक में बाइक पीछे से टकरा गई। इस हादसे में अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पूजा गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए ट्रक कब्जे में ले लिया है।
वाहन की टक्कर से दो जख्मी
कल्ली चौराहा। मिश्रिख में वेल्डिंग की दुकान करने वाला देव प्रकाश अपने भाई चंद्र प्रकाश के साथ गुरुवार रात बाइक से गांव कल्ली आ रहा था। सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर रूपपुर पुलिया के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। निजी अस्पताल में दोनों का इलाज कराया गया। देव प्रकाश की हालत नाजुक देख उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें