मिश्रिख (सीतापुर)। परसौली और किशुनपुर के बीच बाइक सवार दो भाइयों को रविवार शाम एक वाहन ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगा होने के कारण दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
महोली के दूलामऊ गांव निवासी रामनरेश (50) अपने भाई हरिनाम (46) के साथ रविवार सुबह एक बाइक पर सवार होकर भूड़पुरवा स्थित अपनी बहन के यहां गए थे। शाम को लौटते समय परसौली और किशुनपुर गांवों के बीच किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
इससे दोनों भाई बाइक से गिर पड़े। हेलमेट न लगाने की वजह से सिर में गंभीर चोटें लग गईं। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर सीओ आलोक प्रसाद व इंस्पेक्टर अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि बाइक सवारों को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।